Reading:मोरी ब्लाक के सिदरी गांव के पारंपरिक आषाढ़ मेले में स्थानीय जनता ने ढोल-दमाऊ और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ विधायक दुर्गेश लाल का किया अभिनंदन।
जनपद उतरकाशी रंवाई के मोरी क्षेत्र में चल रहे आषाढ़ मेले में सिदरी गांव में आयोजित पारंपरिक मेला एवं ‘स्नो लेपर्ड सिदरी स्पेशल सेशन मैच’ के अवसर पर पुरोला विधानसभा के लोकप्रिय एवं जनप्रिय विधायक जी का ग्रामीणों द्वारा भव्य एवं जोरदार स्वागत किया गया। क्षेत्र में पहुँचने पर स्थानीय जनता ने ढोल-दमाऊ और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ माननीय विधायक का आत्मीय अभिनंदन किया।
इस पावन अवसर पर माननीय विधायक जी ने क्षेत्र के आराध्य भगवान सोमेश्वर देवता के मंदिर में शीश नवाया। उन्होंने भगवान सोमेश्वर के दर्शन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, अटूट शांति एवं खुशहाली की कामना की तथा देव-आशीर्वाद के रूप में देवता के पारंपरिक ‘कफूवा’ का श्रवण किया। इसके उपरांत उन्होंने मेले एवं खेल प्रतियोगिता में उपस्थित देवतुल्य जनमानस से मुलाकात कर सभी का स्नेह और आशीर्वाद प्राप्त किया।
क्षेत्र के विकास और खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन:
क्षेत्र के विकास को नई गति प्रदान करने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हुए माननीय विधायक जी ने दो महत्वपूर्ण वित्तीय घोषणाएं कीं:
ग्राम पंचायत सिदरी के विकास कार्यों हेतु: ₹6.00 लाख (छह लाख रुपये) की धनराशि स्वीकृत करने की घोषणा की।
खेल प्रतिभाओं के संवर्धन हेतु: ‘स्नो लेपर्ड सिदरी स्पेशल सेशन क्रिकेट टूर्नामेंट’ के सफल आयोजन एवं स्थानीय खेल प्रतिभाओं के प्रोत्साहन हेतु ₹1.00 लाख (एक लाख रुपये) देने की घोषणा की।
विधायक जी ने इस शानदार और आत्मीय स्वागत तथा सफल आयोजन के लिए ग्राम प्रधान प्रतिनिधि श्री बलवीर पंवार जी सहित समस्त ग्रामवासियों, युवाओं और आयोजन समिति का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सिदरी की जनता का यह अपार स्नेह उन्हें क्षेत्र की सेवा के लिए निरंतर ऊर्जा प्रदान करता है।
इस अवसर पर ब्लाक प्रमुख रणदेव सहित कई गणमान्य व्यक्ति, जनप्रतिनिधि, युवा और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।