देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को देहरादून में आयोजित ईईपीसी इंडिया (भारतीय इंजीनियरिंग निर्यात संवर्धन परिषद) के 56वें उत्तरी क्षेत्र निर्यात उत्कृष्टता पुरस्कार समारोह में उत्तर भारत के प्रमुख इंजीनियरिंग निर्यातकों को सम्मानित किया। इस अवसर पर ईईपीसी इंडिया के क्षेत्रीय अध्यक्ष (नॉर्दर्न रीजन) प्रदीप कुमार अग्रवाल और उप-क्षेत्रीय अध्यक्ष अरुण कुमार शुक्ला सहित वरिष्ठ अधिकारी और उद्योग जगत के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने पुरस्कार विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि उत्तराखंड में इंजीनियरिंग उद्योग और निवेश के लिए व्यापक संभावनाएं हैं। राज्य की आध्यात्मिक विरासत के साथ तेजी से विकसित हो रहे आर्थिक अवसर इसे निवेश का आकर्षक केंद्र बनाते हैं। उन्होंने पर्यटन बुनियादी ढांचे, रोपवे, सुरंग, पुल, राजमार्ग, पर्यावरण-अनुकूल होटल, नवीकरणीय ऊर्जा, जल प्रबंधन और आधुनिक परिवहन प्रणालियों में निवेश का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कंपनियां हिमालयी पारिस्थितिकी का संरक्षण करते हुए विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचे के विकास में भागीदार बनें।

धामी ने बताया कि राज्य में 30 से अधिक नीतियों और सिंगल विंडो क्लीयरेंस प्रणाली के माध्यम से निवेश को प्रोत्साहित किया जा रहा है। मेगा इंडस्ट्रियल एंड इन्वेस्टमेंट पॉलिसी-2025 के तहत बड़ी विनिर्माण परियोजनाओं को पूंजीगत सब्सिडी और पर्वतीय जिलों में अतिरिक्त प्रोत्साहन दिए जा रहे हैं।
ईईपीसी इंडिया के अध्यक्ष पंकज चड्ढा ने बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 में भारत का इंजीनियरिंग निर्यात रिकॉर्ड 122.43 अरब डॉलर तक पहुंचा। अक्टूबर 2026 में निर्यात करीब 36 प्रतिशत बढ़कर 12.74 अरब डॉलर रहा। वित्त वर्ष 2026-27 की अप्रैल-अक्टूबर अवधि में निर्यात 22 प्रतिशत बढ़कर 83.61 अरब डॉलर हो गया।
उन्होंने कहा कि विभिन्न देशों के साथ व्यापार समझौते भारतीय निर्यातकों के लिए नए बाजार खोल रहे हैं। ईईपीसी इंडिया के कार्यकारी निदेशक अधिप मित्रा ने निर्यात में वृद्धि को उद्योग की बढ़ती प्रतिस्पर्धात्मकता का प्रमाण बताया। उत्तराखंड सरकार के सचिव विनय शंकर पांडे ने एमएसएमई को अर्थव्यवस्था और निर्यात की रीढ़ बताया। क्षेत्रीय निदेशक राकेश सूरज ने निर्यातकों को नए व्यापार समझौतों का लाभ उठाने के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने की जानकारी दी।
