By using this site, you agree to the Privacy Policy and Terms of Use.
Accept
Uttarakhand Ab TakUttarakhand Ab TakUttarakhand Ab Tak
Notification Show More
Font ResizerAa
  • उत्तराखंड
  • राजनीति
  • देश-विदेश
  • पर्यटन
  • क्राइम
  • संस्कृति
  • यूथ
  • शिक्षा
  • सामाजिक
  • मनोरंजन
  • स्पोर्ट्स
  • स्वास्थ्य
  • वीडियो
Reading: किशन महिपाल, अज्जू तोमर और सौरभ मैठाणी ने उत्तराखंड के लोकप्रिय लोकगीतों से मोहा दर्शकों का मन
Share
Font ResizerAa
Uttarakhand Ab TakUttarakhand Ab Tak
  • उत्तराखंड
  • राजनीति
  • देश-विदेश
  • पर्यटन
  • क्राइम
  • संस्कृति
  • यूथ
  • शिक्षा
  • सामाजिक
  • मनोरंजन
  • स्पोर्ट्स
  • स्वास्थ्य
  • वीडियो
Search
  • उत्तराखंड
  • राजनीति
  • देश-विदेश
  • पर्यटन
  • क्राइम
  • संस्कृति
  • यूथ
  • शिक्षा
  • सामाजिक
  • मनोरंजन
  • स्पोर्ट्स
  • स्वास्थ्य
  • वीडियो
Have an existing account? Sign In
Follow US
उत्तराखंडदेहरादून

किशन महिपाल, अज्जू तोमर और सौरभ मैठाणी ने उत्तराखंड के लोकप्रिय लोकगीतों से मोहा दर्शकों का मन

Lokesh Badoni
Last updated: November 16, 2026 1:06 pm
Lokesh Badoni Published November 16, 2026
Share
SHARE

देहरादून: परेड ग्राउंड, देहरादून में आयोजित आदि गौरव महोत्सव 2026 के दूसरे दिन भारत की समृद्ध जनजातीय विरासत और सांस्कृतिक विविधता का भव्य उत्सव देखने को मिला। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री खजान दास, महापौर सौरभ थपलियाल, उत्तराखंड अनुसूचित जनजाति आयोग की अध्यक्ष लीलावती राणा, गीता राम गौर और सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे। राज्य जनजातीय शोध संस्थान (टीआरआई), उत्तराखण्ड द्वारा आयोजित यह चार दिवसीय महोत्सव देशभर के जनजातीय समुदायों, शिल्पकारों, लोक कलाकारों और सांस्कृतिक प्रतिनिधियों को एक मंच पर ला रहा है।
मुख्यमंत्री की उपस्थिति ने महोत्सव के दूसरे दिन के आयोजन को विशेष महत्व प्रदान किया। इस अवसर पर जनजातीय कल्याण निदेशक एस.एस. टोलिया, उप निदेशक राजीव कुमार सोलंकी, उत्तराखंड शासन के समाज कल्याण विभाग के सचिव डॉ. श्रीधर बाबू अददांकी सहित अन्य अधिकारियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, “आदि गौरव महोत्सव एक ऐसा सुंदर संगम है, जो हमें अपने जनजातीय भाई-बहनों के साथ जोड़ता है और उनकी विविध परंपराओं की समृद्धि को करीब से जानने-समझने का अवसर प्रदान करता है। यहां आकर मुझे अत्यंत प्रसन्नता हो रही है। भगवान बिरसा मुंडा का जीवन और संघर्ष आज भी हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। इतनी कम आयु में उन्होंने जिस अद्भुत आंदोलन का नेतृत्व किया, वह उनके साहस और दृढ़ संकल्प का परिचायक है। उनका जीवन हमें संघर्ष करते रहने और अपने अधिकारों एवं पहचान की रक्षा के लिए सदैव खड़े रहने की प्रेरणा देता है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में जनजातीय समुदायों के कल्याण और विकास के लिए अनेक महत्वपूर्ण पहल की गई हैं। जनजातीय कल्याण के लिए बजट आवंटन में उल्लेखनीय वृद्धि की गई है। वहीं, एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय जैसी योजनाएं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के नए अवसर उपलब्ध करा रही हैं। उत्तराखण्ड में प्रधानमंत्री जनजातीय उन्नत ग्राम अभियान के अंतर्गत सात जनपदों के 128 जनजाति बहुल गांवों का चयन किया गया है। इस अभियान का उद्देश्य बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करना तथा इन गांवों में सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की बेहतर उपलब्धता सुनिश्चित करना है।
हमारी सरकार जनजातीय युवाओं को शिक्षा, तकनीकी प्रशिक्षण और आजीविका के स्थायी अवसर उपलब्ध कराने के लिए भी प्रतिबद्ध है। खटीमा में जनजातीय बालिकाओं के लिए छात्रावास निर्माण को स्वीकृति प्रदान की गई है। वहीं, महाराणा प्रताप जनजातीय राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान की स्थापना की गई है, जिसके माध्यम से विशेष रूप से थारू और बुक्सा समुदाय के विद्यार्थियों को रोजगारपरक तकनीकी एवं कौशल विकास प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त, पात्र जनजातीय परिवारों की अधिकतम दो बेटियों के विवाह के लिए प्रति बेटी 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता भी प्रदान की जाती है।
हाल ही में मुझे आदि कैलाश अल्ट्रा मैराथन में शामिल होने का अवसर भी मिला, जहां मैंने अपने जनजातीय समुदायों के लोगों में दिखाई दे रहे उत्साह और उनकी बढ़ती सहभागिता को करीब से देखा।
वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में हमारे जनजातीय युवा और बच्चे राष्ट्र के भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। मैं उनसे आग्रह करता हूं कि वे शिक्षा को प्राथमिकता दें, उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाएं, अपनी सांस्कृतिक पहचान और परंपराओं को संरक्षित रखें तथा एक सशक्त एवं विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान दें।”
दिनभर महोत्सव में उत्तराखण्ड सहित देश के विभिन्न राज्यों से आए जनजातीय समुदायों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। विभिन्न क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व कर रहे पारंपरिक नृत्य दलों और लोक कलाकारों ने अपने-अपने क्षेत्रों के लोकनृत्य, गीत और संगीत परंपराओं की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को भारत की विविध सांस्कृतिक पहचान से परिचित कराया। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वदेशी कला रूपों और पारंपरिक ज्ञान एवं सांस्कृतिक परंपराओं को आने वाली पीढ़ियों के लिए संरक्षित रखने का संदेश भी दिया गया।
महोत्सव में लगाई गई प्रदर्शनी भी दर्शकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी रही। यहां लोगों ने विभिन्न जनजातीय एवं स्थानीय उत्पादों और हस्तनिर्मित वस्तुओं की विस्तृत श्रृंखला का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में हस्तनिर्मित परिधान, पारंपरिक लकड़ी की कलाकृतियां, होम डेकोर उत्पाद, हस्तनिर्मित वस्तुएं, स्थानीय उत्पाद, जैविक खाद्य सामग्री और पहाड़ी मोटे अनाज की विभिन्न किस्में प्रदर्शित की गई हैं। यह प्रदर्शनी जनजातीय एवं ग्रामीण समुदायों के पारंपरिक शिल्प कौशल और खानपान की समृद्ध परंपराओं को करीब से जानने का अवसर प्रदान कर रही है। शाम होते ही महोत्सव का माहौल उत्तराखण्ड की लोक संस्कृति और संगीत के रंग में रंग गया। लोकप्रिय लोक गायक किशन महिपाल ने मंच संभालते हुए अपनी प्रस्तुति की शुरुआत भक्तिमय गीत ‘जय बद्री विशाल’ से की। इसके बाद उन्होंने अपने लोकप्रिय लोकगीतों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनके गीत ‘घुघुती’ और ‘भानु मेरी’ सहित अन्य प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने खूब उत्साह दिखाया। उनकी मधुर आवाज और लोकगीतों ने पूरे वातावरण को उत्तराखंड की सांस्कृतिक खुशबू से सराबोर कर दिया।
संगीतमय शाम को आगे बढ़ाते हुए लोक गायक अज्जू तोमर ने अपनी ऊर्जावान प्रस्तुतियों से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। उन्होंने ‘हो सुषमा’, ‘चस्का’ और ‘नूरी बंथनी’ जैसे लोकप्रिय गीतों के साथ अन्य चर्चित रचनाएं प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं।
वहीं, प्रसिद्ध लोक गायक सौरभ मैठाणी ने अपनी दमदार आवाज और लोकप्रिय उत्तराखंडी गीतों से समां बांध दिया। उन्होंने ‘मां ऊंचा पहाड़ों मां’ और ‘जय हो कुमाऊं, जय हो गढ़वाल’ सहित कई लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति देकर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
इस वर्ष के महोत्सव में असम, ओडिशा, सिक्किम, तेलंगाना, गुजरात, पश्चिम बंगाल, झारखंड और हरियाणा सहित विभिन्न राज्यों के जनजातीय समुदायों की सहभागिता इसे राष्ट्रीय स्वरूप प्रदान कर रही है। विशेष रूप से गुजरात के सिद्दी समुदाय की भागीदारी महोत्सव के प्रमुख आकर्षणों में शामिल है। अफ्रीकी मूल का यह जनजातीय समुदाय भारत की सांस्कृतिक विविधता की अनूठी मिसाल प्रस्तुत करता है।
उत्तराखण्ड के जनजातीय समुदायों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने राज्य की समृद्ध स्वदेशी विरासत को जीवंत कर दिया। इनमें जौनसारी, थारू, भोटिया, बुक्सा और राजी समुदायों की पारंपरिक सांस्कृतिक अभिव्यक्तियां देखने को मिलीं। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों, लोकनृत्यों, लयबद्ध संगीत और सदियों पुरानी परंपराओं के माध्यम से कलाकारों ने उत्तराखण्ड के जनजातीय समुदायों की विविध सांस्कृतिक पहचान को खूबसूरती से प्रस्तुत किया।
महोत्सव का आयोजन 18 नवंबर 2026 तक जारी रहेगा। इस दौरान दर्शकों को देश की स्वदेशी कला, हस्तशिल्प और सांस्कृतिक परंपराओं से रूबरू होने के साथ-साथ विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद लेने का अवसर मिलेगा। महोत्सव आम जनता के लिए प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात 10 बजे तक खुला है। इसमें प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क है, जबकि शाम के सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रतिदिन शाम 6 बजे से रात 10 बजे तक आयोजित किए जा रहे हैं।

You Might Also Like

लापता व्यक्ति की संपत्ति हड़पने के लिए रची गई साजिश

रविन्द्र चौहान को मिली नई जिम्मेदारी, बने RSS गढ़वाल संभाग के सह संभाग कार्यवाह

ए. आर. रहमान, इम्तियाज़ अली, विशाल-रेखा भारद्वाज, और शबाना आज़मी समेत देश की दिग्गज हस्तियां जुटेंगी देहरादून में, 27 नवंबर से शुरू होगा देहरादून लिटरेचर फेस्टिवल

पहले दिन गढ़ रत्न नरेंद्र सिंह नेगी, अनूप चांगटा और हेमा नेगी करासी की शानदार लोक प्रस्तुतियों ने मोहा दर्शकों का मन

समर वैली विद्यालय में बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया बाल दिवस

Share This Article
Facebook Twitter Whatsapp Whatsapp Telegram Email Print
Leave a comment

Leave a Reply Cancel reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts

  • किशन महिपाल, अज्जू तोमर और सौरभ मैठाणी ने उत्तराखंड के लोकप्रिय लोकगीतों से मोहा दर्शकों का मन
  • कलर्स प्रस्तुत करता है ‘क्वीन’, सत्ता, विश्वासघात और बदले की एक रोमांचक कहानी
  • लापता व्यक्ति की संपत्ति हड़पने के लिए रची गई साजिश
  • भविष्य के कार्यस्थलों को नई दिशा: फेदरलाइट ने आगरा में 3,000 वर्ग फुट के नए एक्सपीरियंस सेंटर का किया उद्घाटन
  • रविन्द्र चौहान को मिली नई जिम्मेदारी, बने RSS गढ़वाल संभाग के सह संभाग कार्यवाह

Recent Comments

No comments to show.

Categories

  • उत्तराखंड
  • राजनीति
  • देश-विदेश
  • पर्यटन
  • क्राइम
  • संस्कृति
  • शिक्षा
"उत्तराखंड अब तक" हिंदी समाचार वेबसाइट है जो उत्तराखंड से संबंधित ताज़ा खबरें, राजनीति, समाज, और संस्कृति को लेकर प्रस्तुत करती है।
Quick Link
  • उत्तराखंड
  • देश-विदेश
  • राजनीति
  • संस्कृति
  • स्वास्थ्य
Address: New Colony, Ranjawala, Dehradun – 248001
Phone: +91 9760762885
Email:
uttarakhandabtaknews@gmail.com
© Uttarakhand Ab Tak. All Rights Reserved | Developed By: Tech Yard Labs
Welcome Back!

Sign in to your account

Lost your password?