पुरोला । पुरोला विधानसभा के नौगांव विकास खंड के भंकोली गांव में जल जीवन मिशन के तहत् जल निगम विभाग ने जहां लाखों रुपए खर्च करके जल निगम मरे हुए लोगों को तो पानी पिला रहा है। लेकिन जिंदा लोग पेयजल के लिए आज भी प्रशासन से गुहार लगा रहे हैं। इतना ही नहीं, निगम ने गांवों में निवास करने वाले परिवारों की संख्या से कई अधिक पानी के कनेक्शन कागज़ों में आवंटित कर दिए, लेकिन विभाग का खेल यहीं ख़त्म नहीं हुआ बल्कि ठेकेदार के साथ मिलकर गांव की विवाहित बेटी को भी दहेज के रूप में पानी का एक कनेक्शन दे डाला। यह सभी मामले महज़ एक आरोप नहीं बल्कि सूचना के अधिकार के साथ ही अपर जिला अधिकारी/उपजिला अधिकारी /तहसीलदार की जांच रिपोर्ट में बताया गया है। बाबजूद इसके भ्रष्ट अधिकारियों और ठेकेदारों पर कोई कार्यवाही होती नहीं दिख रही।ग्रामीणों ने जल जीवन मिशन में तहत हुए कार्यों में भ्रष्टाचार का आरोप लगा कर विभागीय अधिकारीयों व ठेकेदारों के खिलाफ़ कार्यवाही करने की मांग करते हुए पुरोला तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। नौगांव विकास खंड के सुदूरवर्ती भंकोली ग्राम पंचायत में जल जीवन मिशन के प्रथम चरण में भारी अनिमिततायें पाई गई। जिसकी जांच रिपोर्ट उप जिला अधिकारी पुरोला व अपर जिला अधिकारी उत्तरकाशी ने अपनी जांच रिपोर्ट में कार्यदाई विभाग के आला अधिकारियों को नोटिस के रूप में दिया, भ्रष्ट तंत्र और बेलगाम अधिकारी प्रधानमन्त्री नरेंद्र मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट हर घर नलदृहर घर जल को भ्रष्ट अधिकारी और ठेकेदार पलीता लगा रहे हैं। भंकोली ग्राम पंचायत के 11 तोको में लगभग 45 लाख रुपए खर्च करके 277 पेयजल कनेक्शन कागज़ों में आवंटित कर दिया गया है जबकि ग्राम प्रधान के अनुसार गांव में 108 परिवार निवास करते हैं। और परिवार रजिस्टर के अनुसार लगभग 150 परिवार अभिलेखों में दर्ज हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि जल निगम ने ठेकेदारों के साथ मिलकर जल जीवन मिशन के प्रथम चरण के कार्यों को फर्जी तरीके से बिना काम किए ही भुगतान कर डाला और बिना काम किए ही कार्य पूर्ति का बोर्ड गांव में लगा डाला। इस फर्जीवाड़े की शिकायत होने के बाद उपजिलाधिकारी पुरोला ने अपनी जांच में इस भ्रष्टाचार की पुष्टि के साथ ही कई अनियमितताएं धरातल पर पाई हैं।
भंकोली गांव के चमधार तोक में जल जीवन मिशन के तहत लगभग 11 लाख रुपए का अनुबंध किया गया, लेकिन उक्त तोक में कोई भी आवासीय बस्ती नहीं रहती है। और कार्यदाई संस्था जल निगम ने उक्त बस्ती में कागजों में ही सात लोगों को पानी के कनेक्शन दे दिए। जल जीवन मिशन में हुए भ्रष्टाचार में कार्यवाही करने को पूर्व जेष्ठ प्रमुख तथा ग्रामीणों ने तहसीलदार को ज्ञापन दिया ।
Leave a comment
