चमोली । बदरीनाथ धाम में महायोजना के निर्माण में इस वर्ष यात्रा शुरू होने के समय से ही क्षतिग्रस्त पौराणिक कुबेर गली पैदल रास्ता बनाने का काम शुरू हो गया है। रविवार को जिलाधिकारी संदीप तिवारी के बद्रीनाथ भ्रमण के दौरान स्थानीय निवासियों, पंडा पंचायत ने इस पौराणिक रास्ते की महत्वा को बताते हुए इसे सुचारू करने की मांग की थी। जिलाधिकारी के निर्देश के बाद सोमवार को ही बद्रीनाथ धाम में पौराणिक आस्था पथ कुबेर गली की मरम्मत का कार्य शुरू हो गया है। बताया गया कि महायोजना के निर्माण के दौरान क्षतिग्रस्त इस पैदल आस्था पथ पर लोग किसी तरह आवाजाही र रहे थे। लेकिन बरसात के बाद तो आवाजाही लायक भी रास्ता नहीं बचा था।
रविवार को बद्रीनाथ धाम में निरीक्षण के दौरान तीर्थ पुरोहितों ने यह समस्या जिलाधिकारी के समक्ष रखी थी। जिलाधिकारी ने जनभावना को देखते हुए कार्यदायी संस्था को तत्काल प्रभाव से पुराने आस्था पथ कुबेर गली को ठीक करने के निर्देश दिए थे। ताकि भगवान के विग्रह का रास्ता सुचारू रहे। इस पर कार्यदायी संस्था ने सोमवार से ही आस्था पथ ठीक करने का काम शुरू कर दिया है। हालांकि नदी का जल स्तर कम होने के बाद यहां पर अभी हेवी मशीनरी से रिवर फ्रंट डेवलपमेंट और पौराणिक कुबेर गली का स्थायी रूप से निर्माण किया जाना है। लेकिन जनभावना के अनुरूप आस्था पथ को प्राथमिकता पर ठीक कराया जा रहा है।
